अनंत तस्‍वीरें दृश्‍यावलियां ख़बर ब्‍लॉग्‍स

तिन्नी की आत्मकथा

शनिवार रात तिन्नी एक कैलेंडर ले आई। कहा कि इसमें तुम लिखो और मैं बोलती रहूंगी कि तिन्नी क्या क्या करती है। ऐसा करने का ख़्याल कहां से आया भगवान जाने लेकिन तिन्नी की बातों को जब मैं कैलेंडर के पीछे लिखता तो देखकर हैरान हो जाती। वो हिंदी के लंबे लंबे वाक्यों को अचंभे से देखती और कहती कि इतनी छोटी सी बात इतनी लंबी लिखनी होती है। धीरे धीरे उसकी बातें साढे चार साल की उम्र में ही तिन्नी की आत्मकथा बन गई। मैं उसकी तमाम बातों को यहां पेश कर रहा हूं। तिन्नी जिस तरह से बोलती रही उसी तरह से वाक्य बनते गए।

१. मम्मी को तिन्नी बहुत तंग करती है।
२. तिन्नी ने उस दिन विशु के साथ कमरा गंदा कर दिया था।
३.तनिमा बदमाशी करती है। (तनिमा तिन्नी का ही नाम है)
४.तनिमा ज़्यादा खेलती नहीं है।
५. तिन्नी मम्मी के लिए रोती है।
६. तिन्नी नहाने में बहुत तंग करती है।
७. तिन्नी को टब में नहाना अच्छा लगता है।
८. टब में ज़्यादा पानी होने से डूब गई तो?
९. तिन्नी बस से स्कूल जाएगी लेकिन बस बहुत भोर बेला आती है। तिन्नी उठ नहीं पाती है।
१०. तिन्नी सोना नहीं चाहती है।
११. तिन्नी वैशाली में रहती है।
१२. तिन्नी और विशु की कल शादी होगी।( विशु उसकी बहन भी बन जाती है)
१३. उसके बाद हम दोनों परी हो जाएंगे।
१४. तिन्नी गोवा गई थी।
१५. तिन्नी घड़ी में टॉम एंड जेरी का टाइम देखती है।
१६. जैसे ही टाइम होता है पापा से रिमोट छीन लेती है।
१७. मम्मी से टाइम पूछ लेती है।
१८. तिन्नी बहुत एसी चलाती है।
१९. पंखा चलाना ही नहीं चाहती।
२०. पापा तिन्नी को घूमाने ले जाते हैं।
२१. इतनी छोटी सी बात इतनी लंबी लिखनी होती है।
२२. मार्निंग में तिन्नी उठना नहीं चाहती।
२३. नाइट में तिन्नी सोना नहीं चाहती।
२४. स्कूल के टाइम में तिन्नी गजब हो जाती है।
२५. तिन्नी लाठी से खेलती है।
२६. टीवी में बहुत ज्यादा गेम चलाती है।
२७. स्कूल में सोने के टाइम में जगी रहती है।
२८. तिन्नी ने प्रणब भइया के साथ उस दिन खूब बदमाशी की थी।
२९. तिन्नी १२३ नहीं लिख पाती।
३०. खेलती रहती है पढाई ही नहीं करती।
३१. पापा बेस्ट फ्रेड नहीं है। ब्वाय लोग बेस्ट फ्रेड नहीं होते।
३२. पापा इस लाइन को काट दो। ठीक नहीं है।
३३. तिन्नी के पापा बाबाजुली भोजपुरी बोलते हैं।
३४. तिन्नी का सर खराब है।
३५. तिन्नी डांस करती है।
३६. तिन्नी ज्यादा पानी नहीं पीती है।
३७. पापा पेन से लिखने नहीं देते।
३८. तिन्नी रो रोकर पूछती है पापा घर क्यों नहीं आ रहे हैं?
३९. दादा जी ठाकुर जी के पास चले गए हैं।
४०. आजकल दादी बहुत रोती है।
४१. एक दिन कंप्यूटर खराब हो गया।
४२. तिन्नी बहुत फोटोग्राफ देखती है।
४३. मधुमिता दीदी तिन्नी को बहुत मारती थी।
४४. कंप्यूटर में तिन्नी काम करती है।
४५. बड़ी मम्मी,बड़े पापा,दादा जी,दादी जी,तृषा दीदी,
छोटी दीदी,नाना जी,नानी जी,पापा जी दी,मम्मी जी,श्योन,विशु,अमित भारती,
डैड्स,मॉम्स।

तिन्नी का तमाचा

बच्चे अपने बचपन में मां बाप की खूब पिटाई करते हैं। मरता क्या न करता इस पिटाई पर अपमानित होने के बजाए भावुक हो जाता है। सुबह सुबह तिन्नी बाज़ार जाने के लिए ज़िद करने लगी। मुझे भी कुछ ख़रीदना है। अंडा ब्रेड के साथ उसने सेंटर फ्रेश और मेन्टोस भी खरीदे। घर आकर सोचता रहा कि सेंटर फ्रेश खाने की आदत कहां से पड़ गई। तभी तिन्नी आई और कस कर एक तमाचा रसीद कर दिया। इससे पहले कि झुंझलाहट पितृतुल्य वात्सल्य में बदलती तिन्नी ने ही ज़ाहिर कर दिया। देखा बाबा मेन्टोस खाते ही मैं किसी को भी तमाचा मार सकती हूं। मेन्टोस में शक्ति है। ज़रूर ये विज्ञापन का असर होगा। विज्ञापन में शक्ति प्राप्त करने की ऐसी महत्वकांक्षा तिन्नी में भर दी कि ख़मियाज़ा मुझे उठाना पड़ा।

आज उदास है किलकारी

आज किलकारी उदास है. उषा गांगुली शिशु विहार (शायद यही नाम है दिल्ली युनिवर्सिटी वाले प्ले स्कूल का) में आज उसका दाखिला होना था. पिछली रात अवनि के पापा और मेरे दोस्त शीतल फ़ॉर्म ले आए थे. आज सुबह उसे भरा गया, किलकारी का पासपोर्ट साइज़ का फ़ोटो चिपकाया गया उस पर. फिर किलकारी, चन्द्रा और मैं चले उषा गांगुली ... अंदर जाने पर पता चला आज पहला शनिवार है, पहले शनिवार को छुट्टी होती है. किलकारी को जब यह मालूम हुआ कि आज उसका ऐडमिशन नहीं होगा तो वह बहुत दु:खी हुई. पूछी, 'फिर कब होगा मेरा ऐडमिशन?' किसी तरह उसे बहला-फूसला कर वापस घर ले जाना पड़ा.
आज सवा तीन साल की हो गयी है किलकारी. जब वह डेढ साल की थी तभी से क्रेश जा रही है. अब उसे क्रेश में मज़ा नहीं आ रहा है. पिछले कुछ महीनों में उसकी दोस्ती का दायरा और दोस्तों की संख्‍या, दोनों में इज़ाफ़ा हुआ है. नए बने दोस्तों में से कई नियमित स्कूल में जाते हैं. अब किलकारी को यह ठीक नहीं लगंता कि उसके दोस्त स्कूल जाएं और वो अपनी कॉलोनी वाले क्रेश में.

पिछले हफ़्ते एक दिन अपने चाचा के साथ सुबह-सुबह क्रेश जाते समय उसने आसमान सर पर उठा लिया. कहने लगी, 'मुझे नव्या दीदी वाले स्कूल में जाना है.' नव्या ठीक एक रोज़ पहले अपने मम्मी-पापा के साथ आयी थी हमारे घर. उस दिन हमलोगों ने नव्या के स्कूल के बारे में पूछताछ की थी. बस, ये बात किलकारी को याद थी और सुबह-सुबह उसने बग़ावत कर दी.

बहरहाल, अब स्कूल में उसका नाम अदीबा सत्या होगा.